जयपुर बनेगा स्टार्टअप का ग्लोबल हब
30 से आरआईसी में शुरू होगा इनोफेस्ट-2026
– अमेजन-माइक्रोसॉफ्ट के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल, 10 करोड़ की फंडिंग का होगा ऐलान
– 5 साल में 10 हजार स्टार्टअप को मेंटोर करेगी फ्यूसी, 12 महीने तक फैसलों की मॉनिटरिंग

आशा पटेल
जयपुर। पिंकसिटी की फ़िज़ा में दो दिन बिज़नेस और तकनीक से जुड़े नए – नए आइडियाज तैरेंगे। देश -दुनिया के स्टार्ट अप एवं टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स विभिन्न सत्रों में अपने सुझाव व अनुभव साझा करेंगे और नए स्टार्ट अप्स को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। शहर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में बुधवार से शुरू हो रहे इस दो दिवसीय स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी फेस्ट में देशभर से 100 से ज्यादा स्टार्टअप अपने आइडिया शोकेस करेंगे। इनमें से चुनिंदा स्टार्ट अप्स पर फंडिंग के रूप में 10 करोड़ रुपए की धन वर्षा होगी।
पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स और फेडरेशन ऑफ यूनिकॉर्न इनोवेटिव स्टार्टअप एंड इंडस्ट्रीज (फ्यूसी) के तत्वावधान में ‘इनोफेस्ट इंडिया-3.0’ का आयोजन 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आरआईसी में होगा। आयोजकों ने प्रेस के समक्ष इसका शेड्यूल जारी किया। इस दौरान पोद्दार ग्रुप के चेयरमैन आनंद पोद्दार, निदेशक यशस पोद्दार, फ़्यूसी के नेशनल डायरेक्टर चैप्टर प्रियांक गुप्ता, संयोजक सरगम पोद्दार, फ़्यूसी के आईटी डायरेक्टर संजीव अग्रवाल, क्लाउडटेक्टिक के सीईओ राजेश महला समेत अन्य वक्ताओं ने इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी।
वक्ताओं ने बताया कि इस बार इनोफेस्ट में देशभर से 100 से ज्यादा स्टार्टअप अपने आइडिया शोकेस करेंगे, जिनमें 60 से ज्यादा स्टेट मिशन के तहत चयनित हैं। फ्रांस, ऑस्ट्रिया, साउथ कोरिया समेत कई देशों के इंटरनेशनल डेलीगेट पहली बार इतनी बड़ी संख्या में जुटेंगे। आयोजन में अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जो स्टार्टअप्स को टेक और मार्केट एक्सेस पर गाइड करेंगे।

5 साल में 10 हजार स्टार्टअप मेंटर करने का लक्ष्य
फ्यूसी ने ऐलान किया है कि अगले पांच साल में देशभर में 10 हजार स्टार्टअप को मेंटोर किया जाएगा। साथ ही, फेस्ट के बाद भी फ्यूसी पूरे 12 महीने तक इनके फैसलों और घोषणाओं की मॉनिटरिंग करेगी, ताकि आइडिया धरातल पर उतरें।
10 करोड़ की होगी फंडिंग
इनोफेस्ट में नए स्टार्टअप्स के लिए फंडिंग पाने का बड़ा मौका रहेगा। ‘इनोफेस्ट’ और ‘10-मिनट मिलियनेयर चैलेंज’ में इन्वेस्टर्स की ओर से करीब 10 करोड़ रुपए की फंडिंग की जाएगी। दमदार आइडिया को मौके पर ही फंड मिलेगा। आयोजन के जरिए भारत और सहयोगी देशों को आपसी बिजनेस बढ़ाने का मंच भी मिलेगा।
दोनों दिन शामिल होंगी डिग्निटरीज
पहले दिन सिग्नेचर टॉक में पॉलिसी बाजार के राजीव गुप्ता, जोहो के राजेंद्रन दंडपाणि और बोलांट इंडस्ट्रीज के श्रीकांत बोला अपनी जर्नी साझा करेंगे। इंडिया-ग्लोबल बिजनेस डायलॉग में साउथ कोरिया की महिमा जिनाह किम और ऑस्ट्रिया के हांस-जोर्ग हॉर्टनाग्ल शामिल होंगी । कार्यक्रम में भाजपा राजस्थान के संगठन महामंत्री अजय कुमार भी शामिल होकर आंत्रप्रेन्योर्स का हौसला बढ़ाएंगे। दूसरे दिन राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, अविनाश राय खन्ना व आरटीयू वीसी निमित चौधरी गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे।




